Published on: 25 Apr 2026
*विद्यार्थियों ने किया हीरो मोटोकॉर्प लिमिटेड का औद्योगिक भ्रमण।*
इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर, रेवाड़ी के वाणिज्य विभाग द्वारा एम.कॉम (ऑनर्स) छठे सेमेस्टर के विद्यार्थियों के लिए हीरो मोटोकॉर्प लिमिटेड, धारूहेड़ा में एक दिवसीय औद्योगिक भ्रमण का आयोजन किया गया।
यह भ्रमण विभागाध्यक्ष प्रोफेसर रविंदर के कुशल नेतृत्व और दूरदर्शी मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। विद्यार्थियों के इस दल का सफल संचालन दल-प्रभारी के रूप में डॉ. संदीप कुमार, डॉ. प्रियंका और ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट ऑफिसर (TPO) श्री प्रवीण द्वारा किया गया।
विशेष सत्र एवं औद्योगिक प्रशिक्षण:
भ्रमण के दौरान हीरो मोटोकॉर्प के HR हेड श्री अमित मलिक ने विद्यार्थियों के साथ एक विशेष संवाद सत्र किया। उन्होंने छात्रों को प्लांट की कार्यप्रणाली, कॉर्पोरेट कल्चर और भविष्य की औद्योगिक आवश्यकताओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। श्री अमित मलिक ने विद्यार्थियों को सिखाया कि कैसे विश्व स्तरीय विनिर्माण (World-class Manufacturing) कार्य करता है और एक पेशेवर करियर में अनुशासन व तकनीकी कौशल का क्या महत्व है। श्री योगेश, सीनियर टेक्नीशियन ने पूरे प्लांट के बारे में तकनीकी जानकारी दी।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रोफेसर दिलबाग सिंह ने इस सफल आयोजन पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे भ्रमण विद्यार्थियों के किताबी ज्ञान को व्यावहारिक अनुभव में बदलने का बेहतरीन माध्यम हैं। विभागाध्यक्ष ने भी हीरो मोटोकॉर्प के HRA विभाग और संपूर्ण प्रबंधन का आभार व्यक्त किया, जिनके सहयोग से छात्रों ने अत्याधुनिक असेंबली लाइन और शॉप-फ्लोर ऑपरेशंस को इतनी बारीकी से समझा।